Last modified on 29 जुलाई 2008, at 18:50

नक्शा जो मन के कागज़ पर बनता है / विनय कुमार

Pratishtha (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 18:50, 29 जुलाई 2008 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

नक्शा जो मन के कागज़ पर बनता है।
उसके जैसा कहाँ कभी घर बनता है।

एक पुराने डर के चलते बनवाया
घर के चलते रोज़ नया डर बनता है।

शीत युद्ध के अंदेशे के साये में
क़दम क़दम पर रिश्ता बंकर बनता है।

गेहुअन बनकर गद्दी पानेवाले को
गद्दी जब डसती है अज़गर बनता है।

मेरे भीतर बस मेरा ‘मैं’ रहता है
मेरा जो है मेरे बाहर बनता है।

दुख का धंधा छोड़ोगे तो समझोगे
कैसे कोई दुख पैग़म्बर बनता है।

पैरों के नीचे पानी सिर पर पृथ्वी
जब भी कोई देश दिगम्बर बनता है।

बनता है जनवरी काम पड़ जाने पर
जैसे निकला काम दिसम्बर बनता है।