Last modified on 31 अगस्त 2009, at 19:28

नींद आती नहीं है, ये क्या हो गया / ललित मोहन त्रिवेदी

Shrddha (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 19:28, 31 अगस्त 2009 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=ललित मोहन त्रिवेदी |संग्रह= }} {{KKCatGhazal}} <poem> नींद आती न...)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

नींद आती नहीं है, ये क्या हो गया ?
रात जाती नहीं है, ये क्या हो गया ?

प्रेम हो या कि हो हादसा आँख अब !
छलछलाती नहीं है, ये क्या हो गया !!

अब किसी भी चरण पर कोई आस्था !
सर झुकाती नहीं है, ये क्या हो गया !!

वैसे कहने को तो रातरानी है ये !
गमगमाती नहीं है, ये क्या हो गया !!

हम ने पायल गढ़ाई ग़ज़ल बेच कर !
छनछनाती नहीं है, ये क्या हो गया !!

मीर की हो ग़ज़ल या कि दुष्यंत की !
गुदगुदाती नहीं है, ये क्या हो गया !!

खिलखिलाती नहीं ज़िन्दगी सब्र था !
मुस्कुराती नहीं है, ये क्या हो गया !!

अपनी तारीफ़ है और अपनी ज़ुबां  !
थरथराती नहीं है, ये क्या हो गया !!