Last modified on 7 जून 2018, at 11:45

न यह रात है, न दिन है / रुस्तम

अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 11:45, 7 जून 2018 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रुस्तम |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatKavita}} <poe...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

न यह रात है,
न दिन है।
या फिर यूँ कहें कि
रात और दिन यहाँ
दोनों छिन्न-भिन्न हैं,
टुकड़ों में बँट गए हैं —

यह अजब दृश्य
जिसे मैं देख रहा हूँ —
या मैं उसके भीतर हूँ —
क्या यह कोई पेण्टिंग है
जिसमें रात और दिन
बेतरतीब एक ढंग में
यहाँ-वहाँ छिटक गए हैं,
और फट गए हैं,
कट गए हैं,
फिर जुड़ गए हैं,
टेढ़े-मेढ़े मुड़ गए हैं,
स्वयं ही से चट गए हैं,
ऊब गए हैं अपने जीवन से,
भटक गए हैं, भटक गए हैं?

रात और दिन
दोनों छिन्न-भिन्न हैं।
या फिर यूँ कहें कि
न यह रात है, न दिन है।