Last modified on 3 फ़रवरी 2009, at 02:14

पतंग / नरेन्द्र जैन

वहाँ उड़ रही है एक पतंग
और बहुत कम लोग जानते हैं
पतंग उड़ रही है वहाँ

पतंग
दो रंगों से बनी
एक रंग हरा
एक रंग लाल

और बहुत कम लोग जानते हैं
है पतंग
लाल हरे रंग की

छत पर खड़ा है एक लड़का
चेहरे पर गुच्छा बाल लिए
फड़फड़ाती कमीज़
तमतमाता चेहरा
हाथ में पतंग की डोर

और सिर्फ़
लड़का जानता है अभी
उड़ रही है एक पतंग
जिसका रंग हरा लाल है
और सिर्फ़
लड़का जानता है
लोग-बाग पतंग के बारे में
जानते कुछ नहीं