भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

पत्री कैसे लिखूँ, कन्हाई! / गुलाब खंडेलवाल

Kavita Kosh से
Vibhajhalani (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 19:39, 29 अगस्त 2012 का अवतरण ('{{KKRachna |रचनाकार=गुलाब खंडेलवाल |संग्रह=गीत-वृंदावन / ग...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज


पत्री कैसे लिखूँ, कन्हाई!
संबोधन लिखने में ही तो कँपने लगी कलाई

नाथ! अनाथ मुझे क्यों छोड़ा!
स्वामी! कैसे यों मुख मोड़ा!
बन प्राणेश प्रीति-प्रण तोड़ा
तिल भर दया न आयी

कैसे लिख दूँ 'यहाँ कुशल है'
विरह-नदी जब बढ़ी प्रबल है
डूब रहा कुल व्रजमंडल है
तट पड़ता न दिखाई

आँसू से भीगा कागज़ यह
कलम हाथ से गिरती रह-रह
कैसे लिखूँ व्यथा जो दुस्सह
रहती मन में छाई!

पत्री कैसे लिखूँ, कन्हाई!
संबोधन लिखने में ही तो कँपने लगी कलाई