भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

पीड़ा के श्लोक / सुरेश कुमार शुक्ल 'संदेश'

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 00:41, 6 दिसम्बर 2021 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=सुरेश कुमार शुक्ल 'संदेश' |अनुवाद...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

जलता हुआ दिया यादों का मन्द नहीं पड़ता है पलभर।
प्राणों की वेदना सम्हाली आँखों ने है पलकें भरकर।

रहा बाँधता रूपक तेरे रूप रंग का विफल रहा पर
काश ! जिन्दगी की धारा जो क्षण भर जाती कहीं ठहरकर।

रत्नजटित नीलाम्बर नयनों का पाहुन बनता है निशि में
चूर चूर निदिया की धारा होती सुधियों से टकराकर।

यदि कुछ पढ़़ा लिखा ही होता पढ़ ही लेता प्रश्न न करता
जीवन की अनपढ़ पीढ़ा के श्लोक लिखे हैं उसके मुख पर।

करो प्रतीक्षा चुप ही बैठो कहने का अधिकार नहीं है
देखों जाने कब जागेगी व्यथा कथा सो रही अधर पर।

बजते रहे शंख घण्टे पर क्षणभर को भगवान न जागा,
जग में अटका रहा मुखर कर सका कहाँ विश्वास भरा स्वर।

सब संकल्प विफल है चंचल मन की गति अवरूध कहाँ है ?
पंख विहीन विवश है श्रद्धा डगर डगर पर खाती ठोकर।