भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

पुत्री से / प्रतिभा सक्सेना

Kavita Kosh से
Lalit Kumar (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 20:27, 8 मार्च 2013 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=प्रतिभा सक्सेना }} {{KKCatKavita}} <poem> कुमकु...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

कुमकुम रंजित करतल की छाप अभी भी,
इन दीवारों से झाँक रही है घर में,
पुत्री तो बिदा हो गई लेकिन उसकी,
माया तो अब भी व्याप रही है घर में!

उसकी छाया आ डोल-डोल जाती है,
जब सावन के बादल नभ में घहराते,
कानों में मधु स्वर बोल- बोल जाती है
जब भी झूलों के गीत कान में आते!

कोई सुसवादु व्यंजन थाली में आता,
क्या पता, आज उसने क्या खाया होगा!
संकुचित वहाँ झिझकी सी रहती होगी,
उसका मन कोई जान न पाया होगा!

बेटी ससुराल गई पर उसकी यादें,
कितनी गहरी पैठी हैं माँ के मन में,
नन्हीं सी गुड़िया जिसको पाला पोसा
किस तरह बिदा हो गई पराये घर में!

अधिकार नहीं कोई, कुछ कह लूं सुन लूँ,
छू लूँ समेट लूँ ममता के अंचल में
कैसी बेबसी अभी तक सिर्फ़ हमीं थे,
अधिकार हीन हो गये एक ही पल में.

मन कैसा हो जाता आकुल भीगा-सा
सामने खड़ी हो जाती उसकी सूरत,
हो गई पराई कैसे, जिसे जनम से
निष्कलुष रखा जैसे गौरा की मूरत!

कर उसे याद मन व्याकुल सा हो जाता,
कितनी यादें उमड़ी आतीं अंतर में,
नन्हें कर-तल जब विकसे खिले कमल से,
बस दो थापें धर गये नयन को भरने!