भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

प्राणों में साकेत / रामस्वरूप 'सिन्दूर'

Kavita Kosh से
Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 09:04, 29 अक्टूबर 2016 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रामस्वरूप 'सिन्दूर' |अनुवादक= |संग...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

मैं अपने ही अधर चूम लूँ दरपन में!
यह कैसा पानी बरसा इस सावन में!

अधरों पर धर गया बाँसुरी लीलाधर-बादल कोई,
मैं जितना जागा-जागा, संसृति उतनी सोयी-सोयी,
बिजली कौंधे, आग लगे चन्दन-वन में!
यह कैसा पानी बरसा इस सावन में!

आँखों की झील में तैरता सपना एक शिकारे-सा,
तन की घाटी में बजता है भीगा मन इकतारे-सा,
प्राणों में साकेत, प्राण वृन्दावन में!
यह कैसा पानी बरसा इस सावन में!

खारे सागर में उभरी हैं तल-तक डूबी सरिताएं,
महामौन में अनुगुंजित आदिम यौवन की कविताएं,
होना है नौका-विहार, जलप्लावन में!
यह कैसा पानी बरसा इस सावन में!