भारतीय साहित्य के विशालतम ऑनलाइन संग्रहालय से कुछ आंकड़े (...और गिनती जारी है!)
कविता कोश: 57000+ कुल पन्नें; 2,000+ रचनाकार; 25,000+ कविताएँ; 10,000+ ग़ज़लें; 3,000+ गीत/नवगीत; 1,500+ नज़्में | 125,000+ आगंतुक/माह; 20,000,00+ रचना-पठन/माह
गद्य कोश: 7,000+ कुल पन्नें; 500+ रचनाकार; 1,500+ कहानियाँ; 600+ लघुकथाएँ; 100+ उपन्यास; 600+ आलेख; 300+ निबंध; | 20,000+ आगंतुक/माह; 1,000,00+ रचना-पठन/माह
|
|
|
प्रेमी के बारे में / नंद चतुर्वेदी
Kavita Kosh से
| मुखपृष्ठ » | रचनाकारों की सूची » | रचनाकार: नंद चतुर्वेदी |
हवा से मैंने प्रेम के बारे में पूछा
वह उदास वृझों के पास चली गई
सूरज से पूछा
वह निश्चिंत चट्टानों पर सोया रहा
चन्द्रमा से मैंने पूछा प्रेम के बारे में
वह इंतज़ार करता रहा
लहरों और लौटती हुई पूर्णिमा का
पृथ्वी ही बची थी
प्रेम के बारे में बताने के लिए
जहाँ मृत्यु थी और ज़िन्दगी
सन्नाटा था और संगीत
लड़कियाँ थीं और लड़के
हज़ारों बार वे मिले थे और कभी नहीं
समुद्र था और तैरते हुए जहाज़
एकान्त था और सभाएँ
प्रेम के दिन थे अनंत
और एक दिन था
यहाँ एक शहर था सुनसान
और प्रतीक्षा थी
यहाँ जो रह रहे थे कहीं चले गए थे
थके और बोझा ढोते
जो थक गए थे लौट आए थे
यहाँ राख थी और लाल कनेर
प्रेम था और हाहाकार