भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

बच्चे 1 / भास्कर चौधुरी

Kavita Kosh से
Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 19:39, 9 जुलाई 2015 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=भास्कर चौधुरी |अनुवादक= |संग्रह= }} {...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

सीरिया में
उड़ा दिये गये
छत स्कूलों के
उड़ गए
खिड़कियों- दरवाजों के परखच्चे
पत्तों के माफिक

पेशावर में
गोलियों से भून दिया गया
अपनी-अपनी कक्षाओं में
पढ़ रहे बच्चों को
ज़िंदा जला दिया गया
स्कूल की प्राचार्या को
जो चाहती तो
भाग कर बचा सकती थी
फ़कत अपनी जान

इधर बस्तर के घने जंगलों में
आम है
स्कूलों को बंद करने का षड़यंत्र

पर
जैसे ही गुजरते हैं
कुछ गरम दिन
गुजरती हैं जैसे ही
चंद ठंडी काली रातें
शांत हो जाते हैं जैसे ही
बारूद रेत और धूल के बवंडर
जाने कहाँ से अचानक
उड़ आए बादलों की तरह
दौड़ पड़ते हैं बच्चे
पीठ पर बस्ता टिकाए
स्कूलों की ओर...