Last modified on 2 अगस्त 2019, at 20:44

बन्दूक की नोक पर बैठी चिड़िया / महाराज कृष्ण सन्तोषी

अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 20:44, 2 अगस्त 2019 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=महाराज कृष्ण सन्तोषी |अनुवादक= |स...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

बन्दूक की नोक पर बैठी चिड़िया

कुछ देर के लिए
बन्दूक की नोक पर बैठी चिड़िया
और उनीन्दे सिपाही की आँखों में
डाल गई एक तिनका ओस भीगा

चिड़िया ने क्या देखा बन्दूक से
कोई नही जानता
पर सिपाही को अब बन्दूक से
केवल चिड़िया ही दिखाई देती है
जिसे वह अपने भीतर
चहचहाते हुए अनुभव करने लगता है

सोचता है सिपाही
कहीं उस की मृत बेटी
चिड़िया बनकर तो नही आई थी

अब हर बार
जब सिपाही ट्रिगर पर उँगली दबाता है
उसे अपनी बेटी की चीख़ सुनाई देती है
और वह काँप जाता है