Last modified on 31 अगस्त 2021, at 23:29

बावरा साजन / रचना उनियाल

सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:29, 31 अगस्त 2021 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रचना उनियाल |अनुवादक= |संग्रह=अभि...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

सावन में बदरा जो झलका, बदली भी मुस्काई।
सुधियों के व्याकुल आँगन में, नयन धार कतराई।।

झूम रही मदमस्त घटा को,
रूप लुभाता तेरा।
विरहन सी चुपचाप निहारूँ,
आघातों का घेरा।।
मतवारा प्रेमी आवारा, बलमा है हरजाई।
सुधियों के व्याकुल आँगन में, नयन धार कतराई।

घनमाला के मेघपुष्प में,
बसती मेरी काया।
रूप पयोधर का ही निखरे,
छोड़ी अपनी छाया।।
प्राप्त किया जब लक्ष्य सुधा रस, सुध मेरी बिसराई।
सुधियों के व्याकुल आँगन में, नयन धार कतराई।

अंबर के अँगना में प्रियतम,
बसा संग था सारा।
श्रद्धा निष्ठा अरु यकीन का,
गिरता रहा सितारा।।
पावस से जीवन में अब तो, स्वाभिमान गहराई।
सुधियों के व्याकुल आँगन में, नयन धार कतराई।
निर्बल नाजुक नहीं निरक्षर,
नवजीवन की नारी।
आशा की गति में वह बहती,
मत कहना बेचारी।।
मनोरथों के रथ में चढ़कर, आज छुये ऊँचाई।
सुधियों के व्याकुल आँगन में, नयन धार कतराई।