भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

बूंदों से सन्दर्भ जुड़े / रामानुज त्रिपाठी

Kavita Kosh से
Rahul Shivay (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 20:54, 28 फ़रवरी 2019 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रामानुज त्रिपाठी |अनुवादक= |संग्र...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

बादल लिखने लगे
कथाएं प्यास की।

रात-रात जलपरी घटाओं की
बाहों में सो-सो कर,
एक चम्पई भोर जोगिनी
किरण घाटियों में बोकर
आई चिट्ठी लेकर
सावन मास की ।

सोई हुई नदी को चंचल
झरनों के शिशु जगा गए,
पावस के जलते पावों में
लेप इन्द्रधनु लगा गए
चुप्पी - टूटी-
सन्यासी आकाश की।

यादों के सारस पंखों में
लेकर नए प्रसंग उड़े,
कुछ भीगे और कुछ अनभीगे
बंूदों से संन्दर्भ जुड़े,
खुली किताबें -
मौसम इतिहास की।