भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

भगत सिंह / श्वेता राय

Kavita Kosh से
Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 11:28, 2 फ़रवरी 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=श्वेता राय |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatGee...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

मेघ बन कर छा गये जो, वक्त के अंगार पे।
रख दिए थे शीश अपना, मृत्यु की तलवार पे॥
तज गये जो वायु शीतल, लू थपेड़ो में घिरे।
आज भी नव चेतना बन, वो नज़र मैं हैं तिरे॥

मुक्ति से था प्रेम उनको, बेड़ियाँ चुभती रहीं।
चाल उनकी देख सदियाँ, हैं यहाँ झुकती रहीं॥
मृत्यु से अभिसार उनका, लोभ जीवन तज गया।
आज भी जो गीत बनकर, हर अधर पर सज गया॥

तेज उनका था अनोखा, मुक्ति जीवन सार था।
इस धरा से उस गगन तक, गूँजता हुंकार था॥
छू सका कोई कहाँ पर, चढ़ गये जो वो शिखर।
आज भी इतिहास में वो, बन चमकते हैं प्रखर॥

आज हम आज़ाद फिरते, उस लहू की धार से।
चूमते थे जो धरा को, माँ समझ कर प्यार से॥
क्या करूँ कैसे करूँ मैं, छू सकूँ उनके चरण।
देश हित बढ़ कर हृदय से, मृत्यु का कर लूँ वरण॥

कर रही उनको नमन...
खिल रहा उनसे चमन..
छू सकूँ उनके चरण...