भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

मौसम की ये कारस्तानी / शार्दुला नोगजा

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

वन में आग लगा कर चंचल
टेसू मन ही मन मुस्काता
कब आओगे दमकल ले कर
रंग-बिरंगे फागुन दादा?

कोयल फिर सुर की कक्षा के
अभ्यासों में जुटी हुई है
और मेघ की नटखट टोली
कर के मंत्रणा घुटी हुई है!

एक बूंद भी नहीं बरसती
देख हँसी दूब को आयी
होता है हर साल यही तो
कह मेंढक ने ली जंभाई।

बालक सा मन पढ़ने लगता
पंचतंत्र की कथा पुरानी
नया साल फिर ले आया है
बातें सब जानी पहचानी।

दुनियावी सवाल सुलझाते
याद हमें आ जाती नानी
पर मन को शीतल कर जाती
मौसम की ये कारस्तानी!