Last modified on 15 जनवरी 2012, at 21:10

यह सब कैसे हो जाता है ?/ जयकृष्ण राय तुषार

वीनस केशरी (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 21:10, 15 जनवरी 2012 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=जयकृष्ण राय तुषार }} {{KKCatNavgeet}} <poem> यह सब ...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)


यह सब कैसे हो जाता है ?
यह सब कैसे
हो जाता है  ?
सिर्फ़ तुम्हारे होने भर से |

हम अच्छी
कविता लिखते हैं ,
दरपन में
सुन्दर दिखते हैं ,
मौसम अपना
राग बदलकर
गाता है अनछुए अधर से |

हरी गाछ पर
चिड़िया गाती ,
धूप -मखमली
घास सजाती ,
अनगिन रंग
खुशबुओं से भर
महक रहे हैं फूल इतर से |

रिश्ते -नाते
उत्सव -न्योते ,
तुमसे मघई -
पान -सरौते ,
पायल ,बिछिया
पाँव महावर
लटक रही करधनी कमर से |

हल्दी -अक्षत
खुली कलाई ,
पर्वत -झील
नदी ,अमराई ,
हम घंटों
बतियाते रहते
खुद से ,तुमसे और लहर से |

शोख हवाएं
वंशी -मादल ,
तुम घर -आंगन
बजती सांकल ,
खुल जाते हैं
राज दिलों के
आनाकानी, अगर -मगर से |


मेघदूत की
विरह वेदना ,
कालिदास की
सघन चेतना ,
एक उर्वशी
कुछ कहती है
सपनों में आकर दिनकर से |