भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

राधा हरि को देख न पाती / गुलाब खंडेलवाल

Kavita Kosh से
Vibhajhalani (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 04:49, 22 जुलाई 2011 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज


राधा हरि को देख न पाती
यद्यपि आठ प्रहर कानों में मुरली की ध्वनि आती
 
यमुना-तट पर, वंशीवट पर
बेसुध-सी फिरती पनघट पर
उठ-उठकर सुर की आहट पर
                      वन को दौड़ी जाती
 
जहां गए थे श्याम छोड़कर
फिर-फिर जाकर उसी मोड़ पर
उँगली पर दिन जोड़-जोड़कर
                      आँसू विफल बहाती
 
जब सोते में भी हरि आये
शीश मुकुट पट पीट सजाये
भयवश, सपना टूट न जाए
                        पलकें नहीं उठाती

राधा हरि को देख न पाती
यद्यपि आठ प्रहर कानों में मुरली की ध्वनि आती