Last modified on 14 अप्रैल 2009, at 19:03

रे मन / सोहनलाल द्विवेदी

Pratishtha (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 19:03, 14 अप्रैल 2009 का अवतरण

प्रबल झंझावत में तू
बन अचल हिमवान रे मन।

हो बनी गम्भीर रजनी,
सूझती हो न अवनी,
ढल न अस्ताचल अतल में
बन सुवर्ण विहान रे मन।

उठ रही हो सिन्धु लहरी
हो न मिलती थाह गहरी
नील नीरधि का अकेला
बन सुभग जलयान रे मन।

कमल कलियाँ संकुचित हो,
रश्मियाँ भी बिछलती हो,
तू तुषार गुहा गहन में
बन मधुप की तान रे मन।