Last modified on 22 सितम्बर 2016, at 02:42

लाल चूनर / नीता पोरवाल

Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 02:42, 22 सितम्बर 2016 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=नीता पोरवाल |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCat...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

‘बचा लो मुझे बचा लो’
नुकीले पंजों में छटपटाता
कातर दारुण स्वर में गुहार लगाता
आज फिर कोई निरीह
और उभर आती हैं दिलो दिमाग पर
अनगिनत गहरी दर्दनाक खरोंचे

सूजे माथे... मरोड़ी स्याह पड़ी कलाइयाँ
चूड़ियों के टूटे रंगीन टुकड़े
चारो ओर लुढकते बर्तनों की
कर्ण भेदी चीखें सुनीं हैं मैंने
कि कहीं कुछ भी नहीं बदला

अपने पाँव पर खड़े होने में नाकाम
फिर भी तांडव करता भरतार
बिलखते दुधमुंहें को सूखी छाती से चिपकाए
मायके की बंद चौखट याद करती
तो कभी सहानुभूति की ओट ले
घूरते डरावने सायों से बचती बचाती
आँख खुलते ही सुबह
खौलते पानी में
चाय की पत्ती डालने से पहले
मांग में गहरा सिन्दूर भरना नहीं भूलती

क्लास में बदलाव, बराबरी का दर्जा,
आसमान, पंछी, रंग जैसे शब्दों के
मायने समझाते हुए ठठा कर हंस पड़ती
लोहे के नुकीले तारों में फंसी
ऐसे ही तार तार होती रहती है लाल चूनर...