Last modified on 20 अक्टूबर 2020, at 12:21

शहर में गाम जी लेंगे ! / रामकुमार कृषक

एक गन्ना चूसकर हम
इस शहर में
गाम जी लेंगे,
गाम जी लेंगे कि अपना नाम जी लेंगे !

धूल - धूसर पँथ गोहर गँध
खेतों का खुलापन
और कोल्हू - बैल के तन में अभी
ज़िन्दा हिरन - मन,

चौकड़ी भरते ख़यालों को सँजोए
एक आँगनहीन घर बेनाम जी लेंगे !

दूब - जैसा नेह
आँगन - गेह चौपालें - कथाएँ
नागफन ब्योहार अन्धियारा घुटन
गूँगी बिथाएँ,

देखने - भर को बड़प्पन हम बड़ों का
हर गली कूचा सड़क बदनाम जी लेंगे !

धान - गेहूँ - ईख - जैसी सीख
पिसना और पिरना
टूटकर उम्मीद जुड़ने की लिए
पल - छिन बिखरना,

ज़िन्दगी की हर किरच फिर भी समेटे
बेमज़ा - बेसूद सुबहो - शाम जी लेंगे !