Last modified on 11 मई 2019, at 00:23

श्याम यमुना तट आ जाना / साँझ सुरमयी / रंजना वर्मा

श्याम यमुना तट आ जाना।
बाँसुरी मधुर बजा जाना॥

भानुजा के जल सा काला
रूप तेरा है मतवाला।
अलक हैं घुंघराली प्यारी
मोर का पंख शीश आला।

सुघर सूरत दिखला जाना।
श्याम यमुना तट आ जाना॥

चपल नैना चंचल प्यारे
लुभा लेते मन रतनारे।
चन्द्र मुख घेर रहीं अलकें
अनोखी छवि मोहक धारे।

बिम्ब अधरों से मुसकाना।
श्याम यमुना तट आ जाना॥

बसा गिरिधर है चाहों में
नयन बिछ जाते राहों में।
न जाने पल वह कब आये
सिमट जाये जग बाहों में।

मिलन की आस बंधा जाना।
श्याम यमुना तट आ जाना॥