भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

सूखे का गीत / शिव बहादुर सिंह भदौरिया

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 19:45, 19 अक्टूबर 2009 का अवतरण ("सूखे का गीत / शिव बहादुर सिंह भदौरिया" सुरक्षित कर दिया ([edit=sysop] (indefinite) [move=sysop] (indefinite)))

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

सूख रहे धान और पोखर का जल,
चलो पिया गुहराएँ बादल-बादल।

लदे कहाँ नीम्बू या फालसे, करौंदे,
बये ने बनाए हैं कहाँ-कहाँ घरौंदे,
पपिहे ने रचे कहाँ-
गीत के महल,
ग़ज़ल कहाँ कह पाए ताल में कँवल ।

पौधों की कजराई, धूप ले गई
रात भी उमंगों के रूप ले गई ;
द्वारे पुरवाई
खटकाती साँकल
आई है लेने कंगन या पायल।

इन्द्र को मनाएंगे टुटकों के बल,
रात धरे निर्वसना जोतेंगी हल;
दे जाना
तन-मन से होके निर्मल,
कोंछ भरा चबेना औ' लोटे भर जल।