भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

सूरज कल भोर में जगाना / जयकृष्ण राय तुषार

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज


नींद नहीं
टूटे तो
देह गुदगुदाना |
सूरज
कल भोर में
जगाना |

फूलों में
रंग भरे
खुशबू हो देह धरे ,
मौसम के
होठों से
रोज सगुन गीत झरे ,

फिर आना
झील -ताल
बांसुरी बजाना |

हल्दी की
गाँठ बंधे
रंग हों जवानी के ,
इन सूखे
खेतों में
मेघ घिरें पानी के ,

धरती की
कोख हरी
दूब को उगाना |

लुका -छिपी
खेलेंगे
जीतेंगे -हारेंगे
मुंदरी के
शीशे में
हम तुम्हें निहारेंगे ,

मन की
दीवारों पर
अल्पना सजाना |