भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

सृजन / मनोज जैन 'मधुर'

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

करना होगा
सृजन वंधुवर
हमें लीक से
हटके।
छंदों में हो
आग समय की
थोडा सा हो पानी।
हंसती दुनिया
संवेदन की
अपनी बोली बानी।
कथ्य आँख में
आलोचक की
रह रह करके
खटके।
दिखा आइना
जो सत्ता का
पारा नीचा कर दें।
जन मन गण
के पावन दिल में
जो समरसता भर दें।
शोषक शोषण का
विरोध जो
करें निरन्तर
डटके।
जीने की जो
कला सिखाये
बोध समय का जानें।
मान सरोवर
के हंसों -सा
नीर- क्षीर पहिचानें।
अन्धकार को
रौशन कर दे
बिम्ब रचें कुछ
टटके।