भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

आज जीवन गीत बनने जा रहा है ! / मनुज देपावत

Kavita Kosh से
Neeraj Daiya (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 06:07, 5 सितम्बर 2011 का अवतरण ()

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

आज जीवन गीत बनने जा रहा है !
ज़िंदगी के इस जलधि में ज्वार फिर से आ रहा है !

छा गई थी मौन पतझड़ की उदासी ,
गान जब से बन गए मेरे प्रवासी !
आज उनको मुरलिका में पुनः कोई गा रहा है !
आज जीवन गीत बनने जा रहा है !

भग्न -वीणा पर बजाए हैं किसी ने !
टूटते से स्वर सजाए हैं किसी ने !
आज उखड़ा श्वास भी संगीत बनने जा रहा है !
आज जीवन गीत बनने जा रहा है !

चिर समय से अपरिचित था रहा कोई !
याद विस्मृति के उदर में रही सोई !
कल रहा अनजान जो, अब मीत बनने जा रहा है !
आज जीवन गीत बनने जा रहा है !

मिल रहे हैं आधार मधु की यामिनी में !
खिल रहा है चाँद उज्जवल चाँदनी में.
चिर विरह भी मधु-मिलन की प्रीत बनने जा रहा है !
आज जीवन गीत बनने जा रहा है !