भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

आसमानी कक्षा / प्रकाश मनु

Kavita Kosh से
Lalit Kumar (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 14:40, 16 फ़रवरी 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=प्रकाश मनु |अनुवादक= |संग्रह=बच्च...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

आसमान की कक्षा में
चाँद बना है टीचर,
तारों को वह पढ़ा रहा
हौले से मुसकाकर।

टिम्मक-टिम्मक तारे अपने
साथी लगे बुलाने,
छोड़ो खेल-कूद, शैतानी
टीचर लगे पढ़ाने!
दौड़े तारे जल्दी से
नन्हे-नन्हे पग धर!

झलमल-झलमल नई रोशनी
बाँटो इस दुनिया को,
कहता चंदा-मुसकानों से
नहला दो बगिया को।
हर क्षण को त्योहार बनाकर
गाओ, जीवन भर!

यह प्यारा-सा चित्र रोज
पलकों में उगता है,
जब भी सपनों में आता
जादू-सा जगता है।
मन करता, नीला अंबर
बन जाए मेरा घर!