भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

ओ प्रियंवदे / आलोक यादव

Kavita Kosh से
Lalit Kumar (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 11:59, 4 मार्च 2016 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=आलोक यादव |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatGeet}}...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

ओ प्रियंवदे ! ओ प्रियंवदे !!
तेरी लय में लय हुआ ह्रदय
ओ प्रियंवदे ! ओ प्रियंवदे !!

नवगंध भरे, नव रंग भरे
तेरे श्रीमुख से फूल झरे
अपनी नव पाँखुरियाँ लेकर
मन के आँगन में आ उतरे

दे गए पराजय को भी जय
ओ प्रियंवदे ! ओ प्रियंवदे !!

धर बूँद-बूँद रस अधरों पर
इस मन की भी गागर को भर
मैं तृप्त हुआ, जो प्राण प्रिया
मत जा तजकर, मत जा तजकर

तुझसे दूरी का अर्थ प्रलय
ओ प्रियंवदे ! ओ प्रियंवदे !!

तेरे होठों का हास मिले
तो ही मुझको मधुमास मिले
यदि तृप्ति मिले तुझसे हर पल
तो मुझको हर पल प्यास मिले

हर प्यास मुझे तब है मधुमय
ओ प्रियंवदे ! ओ प्रियंवदे !!