Last modified on 18 नवम्बर 2011, at 17:30

कल से डोरे डाल रहा है / कैलाश गौतम

Dkspoet (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 17:30, 18 नवम्बर 2011 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=कैलाश गौतम |संग्रह= }} {{KKCatNavgeet}} <poem> कल स...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

कल से
डोरे डाल रहा है
फागुन बीच सिवान में
रहना मुश्किल हो जायेगा
प्यारे बंद मकान में |

भीतर से
खिड़कियाँ खुलेंगी
बौर आम के महकेंगे
आंच पलाशों पर आयेगी
सुलगेंगे कुछ दहकेंगे
घर का महुआ रंग लाएगा
चूना जैसे पान में |

फिर अधखुली पसलियों की
गुदगुदी धूप में बोलेगी
पकी फसल सी लदी ठिठोली
गली -गली फिर डोलेगी
कोहबर की जब बातें होंगी
ऊँगली दोनों कान में |

रात गये
पुरवा के झोंके
सौ आरोप लगायेंगे
सारस जोड़े
ताल किनारे
लेकर नाम बुलाएंगे
मन -मन भर के
पाँव पडेंगे
घर आंगन दालान में |