भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

कलियुग / सुरेश विमल

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:16, 14 सितम्बर 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=सुरेश विमल |अनुवादक= |संग्रह=आमेर...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

सहस्रों वर्ष पूर्व
गाये गये थे जयगीत
इस धराधाम पर
जब राम ने किया था
रावण के अत्याचारी
युग का अंत...

आज भी उसी तरह
प्रतिध्वनित होते हैं
राम की उस महान
ऐतिहासिक विजय के
कालजयी जयघोष
समय की सहस्रों वर्ष मोटी
परतों को भेदते हुए... !

नितान्त बेख़बर हैं हम लेकिन
और बेपरवाह

इतिहास अब हमारे लिए
अर्थहीन हो चला है लगभग
परम्पराएँ और संस्कार
अप्रासंगिक...!

इसीलिए शायद अपने चारों ओर
लम्बे होते हुए रावणों के क़द
हमें डराते नहीं...

किसी के लिए भी
जय घोष कर सकते हैं अब हम
चाहे राम हो या रावण
या कोई और
कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता हमें।

दरअसल
यह एक अलग तरह का युग है
अवसरानुकूल बदलने का युग
सुविधानुसार जीने का युग...

शायद इसीलिए
कलियुग।