भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

कौन निकले घर से बाहर रात में / विक्रम शर्मा

Kavita Kosh से
Abhishek Amber (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 12:13, 28 अगस्त 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=विक्रम शर्मा |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KK...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

 
कौन निकले घर से बाहर रात में
सो गये हम अपने अंदर रात में

फिर से मिलने आ गयीं तन्हाइयाँ
क्यूँ नही खुलते हैं दफ़्तर रात में

हम जुटा लेते हैं बिस्तर तो मगर
रोज़ कम पड़ती है चादर रात में

रोज़ ही वो एक लड़की सुब्ह सी
जाती है हमको जगाकर रात में

ख़्वाब देखा है उसी का रात भर
सोये थे जिसको भुलाकर रात में

ज़िन्दगी भर की कमाई एक रात
जो मिली ख़ुद को गवाँकर रात में

साँप दो आते हैं हमको काटने
उसकी यादें और ये घर रात में

ज़िन्दगी की रात इक दिन ख़त्म हो
ये दुआ करते हैं अक्सर रात में