भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

गन्ध बावरी हुई / मधु प्रधान

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 12:52, 31 मार्च 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=मधु प्रधान |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatGee...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

सांझ हुई
मन के आँगन में
गीत विहग उतरे

दूर क्षितिज पर रंग भर गये
बादल फिर अनायास
अनजाने ही कोई आ गया
मन के कितने पास

मुग्धा तरुणाई
माथे पर
कुंकुम तिलक धरे

साधों की पायल झनकी तो
अंगनाई हुलसी
दीप रखे चौरे पर कोई
महक गई तुलसी

मेंहदी और
महावर के रंग
हुये बहुत गहरे

गन्ध बावरी हुई कली से
बांधे नहीं बंधी
ठहर-ठहर कर चली लजीली
सकुचाई ठिठकी

स्वेद- कम्प
रोमांच -पुलक
तन-मन में लहरे