भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

दुख / सविता सिंह

Kavita Kosh से
Pratishtha (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 00:26, 14 नवम्बर 2007 का अवतरण (New page: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=सविता सिंह |संग्रह=अपने जैसा जीवन / सविता सिंह }} क्या ह...)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

क्या होता है दुख का भी कोई रंग
पीला उदास
थकी रात में जैसे थका चाँद
क्या दुख की होती है कोई गति
मद्धिम धीमी
जैसे रुकी हुई हवा बेमन चलती हो
क्या दुख सबके हिस्से मिलता है
माँ-बाप भाई-बहनों की तरह
क्या दुख किसी भी दिन आ सकता है
किसी के भी घर
जीवन की नींव में धँस जाने के लिए

या दुख सादा होता है
ढूँढता अपने ही रंग
कभी थके चाँद में
कभी बुझे मन में
कभी ख़ाली आँखों के बेरंग सपनों में
हममें तुममें