भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

दुनिया नई-पुरानी / बालस्वरूप राही

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:12, 23 जनवरी 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=बालस्वरूप राही |अनुवादक= |संग्रह= }...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

दादी जो कहती है : दुनिया
पहले जैसी नहीं रही,
अब क्या मिलता है खाने को,
पहले तो थे दूध-दही।

लेकिन आइसक्रीम कहाँ थी
और कहाँ थी चुइंगगम?
टोस्ट और बिस्कुट खाते हम,
रोज उड़ाते चाय गरम।

बैठ बैलगाड़ी, ताँगे में
लोग पुराने जाते थे,
ढाई कोस पार करने में
ढाई रोज लगाते थे।

अब तो बैठ विमानों में हम
सैर विश्व की करते है,
बिना पंख के उड़ते हैं हम
मन हो जहाँ उतरते हैं।

पहले तो या गिल्ली-डंडा
था कि ताश की गड्डी थी,
टेनिस और क्रिकेट कहाँ थे?
कुश्ती और कबड्डी थी।

टेलीफोन दूर वालों से
बात करा देता फौरन,
टेलीविज़न करा देता है
जाने किन किन के दर्शन।

सच कहती है दादी अम्माँ
दुनिया सचमुच बदल गई,
इस बदली दुनिया में होती
हर दिन कोई बात नई।

सब को अपना समय सुहाता,
हम को यह युग भाता है,
नए-नए आविष्कारों से
रोज बदलता जाता है।