भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

पंख होते हैं समय के / राजेन्द्र गौतम

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:46, 1 जून 2014 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=राजेन्द्र गौतम |अनुवादक= |संग्रह= }...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

पंख होते हैं समय के
एक फुनगी पर
कहाँ वह आज तक ठहरा

डाल हाथों को हिला कर
लाख रोके
फूल भी दें खोल
             ख़ुशबू के झरोखे
पर गगन छूते
पखेरू पर
लगा कब आज तक पहरा

सुरमई हों साँझ
या हों दिन ललाई के
गीत उसके होंठ पर
रहते विदाई
मिले नख़्लिस्तान कोई
या मिले फैला हुआ
बस दूर तक सहरा

झुलसती हो
स्वप्न की चाहे सुकोमल देह
विवश आँखों से
झरे चाहे निरन्तर मेह
कहाँ रुकता एक पल
वह चला जाता उड़ा
निःश्वास ले गहरा