भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

प्रेम पाती / श्वेता राय

Kavita Kosh से
Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 23:10, 1 फ़रवरी 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=श्वेता राय |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatGee...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

पाँखुरी पर जब लिखूं मैं, प्रेम पाती भोर से।
फूल पर पड़ती छलक तब, बूँद दृग दल कोर से॥

बह रही पुरवा सुहानी, घोलती है गंध को।
घोल कर फिर गंध को ये,बाँधती मधु बंध को॥
बंध कोई जुड़ गया जब, आस अन्तस् में जगे।
आस में डूबे सभी दिन, साथ प्रिय के ही पगे॥

बहकती जब सपन चूनर, वात के इस जोर से।
फूल पर पड़ती छलक तब, बूँद दृग दल कोर से॥

झूमती हैं सब दिशायें, उर्मियोँ के प्यार से।
प्यार से धरती खिली फिर, मृदु छुअन मनुहार से॥
मृदु छुअन में कामना है, प्रीत की आराधना।
प्रीत मन्दिर में बसे तुम, पूर्ण करते साधना॥

गूँजती जब स्वर लहरियाँ, मधुमयी हर ओर से।
फूल पर पड़ती छलक तब, बूँद दृग दल कोर से॥