भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

फागुन / रोहित रूसिया

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 18:12, 19 सितम्बर 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रोहित रूसिया |अनुवादक= |संग्रह=नद...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

आया फिर
आँगन में
रंग लिए फागुन

टेसू हर डाल पर
फगुआ सुनायें
पात-पात
सुन-सुन के
झूम-झूम जायें
पंछी गुनगुनाने लगे
प्यार भरी धुन

राह तके बालम की
रंग लिए गोरी
छोडूँ ना साजन को
खेलूंगी होरी
बजने बेचैन दिखी
पायल
छुन-छुन

शिकवे सब, भूल चली
मस्तों की टोली
हर दिल को
रिझा रही
रंग भरी बोली
प्रीति में खो जाएँ
आओ
हम-तुम

आया फिर
आँगन में
रंग लिए फागुन