भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

फिर छाई है कारी बदरिया / अनीता सिंह

Kavita Kosh से
Rahul Shivay (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 11:45, 10 नवम्बर 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=अनीता सिंह |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCatGee...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

फिर छाई है कारी बदरिया
ओ पावस! बिन बरसे ना जा।

दूर क्षितिज पर आँख गड़ाये
फिर से बादल लौट न जाये
रह जाये न आस अधूरी
सोच-सोच हियरा घबराये।
चमक उठी घन बीच बिजुरिया
ओ पावस! बिन बरसे ना जा।

किरणें आई थीं मुस्काती
मौसम ने भेजी थी पाती
लाज निगोड़ी राह खड़ी थी
बोलो, फिर मैं कैसे आती
छलक उठी फिर नयन गगरिया
ओ पावस! बिन बरसे ना जा।

पनिहारिन की गगरी खाली
बगिया कैसे सींचे माली
अमराई में खाली झूले
अब तो आ जाओ री आली
राह निहारूँ चढ़े अटरिया
ओ पावस! बिन बरसे ना जा।