भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

बंटवारा / शर्मिष्ठा पाण्डेय

Kavita Kosh से
Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 13:13, 3 अगस्त 2013 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=शर्मिष्ठा पाण्डेय }} {{KKCatGhazal}} <poem> बाप ...' के साथ नया पन्ना बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

बाप के मरते ही जायदाद यूँ बंटते देखी
थोड़े से कमरे और गलियारों में बिकते देखी

बर्तनों-राशनों के हिस्से भी लगाये गए
थालियाँ, लोटे और कटोरियाँ कटते देखी

बेचारा चूल्हा भी बच पाया कहाँ फैसले से
दाल तेरी तो रोटियां बने मेरी देखीं

चांदी-सोना तो बिके कबके सब पढाई में
घंटियाँ बैलों के गले की भी उतरते देखीं

बाप ने छोड़ा कहाँ कुछ भी सिवा कर्जों के
पूरी पंचायतों में यही शिकायत देखी

बहन की शादी में भाई ने किये खर्चे बहुत
एक-एक रूपया, रेजगारी भी गिनते देखी

बीज दे कौन, खाद किसकी, कौन पानी दे
पट्टीदारी में पड़ी खेतों की परती देखी

बाग़ और बगीचों की शपा फिर से पैमाइश हो
एक-एक पौधे, फल में घटत और बढ़त देखी

अनाज डेहरी के बँटने चाहिए दाना-दाना
आजकल चूहों की नीयत भी फिसलते देखी

मवेशी पहले ही बहुत हैं माँ को रक्खे कहाँ
बूढी चूड़ियों संग कलाई भी सिसकते देखी