भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

बरखा की भोर / नरेन्द्र दीपक

Kavita Kosh से
सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 18:51, 19 जनवरी 2021 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=नरेन्द्र दीपक |अनुवादक= |संग्रह= }} {...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

मेघों की रिमझिम का मीठा संगीत
झरनों की कल कल का मादक संगीत,
अम्बुआ की डाली पर कोयल का शोर
बरखा की भोर।

अम्बर से धरती तक पानी का जाल
बाग़ों में झुकी झुकी जामुन की डाल,
लछुआ की देहरी में सटे खड़े ढोर
बरखा की भोर।

बादल के घूँघट से सूरज की किरण,
झाँक रही जैसे हों, हिरणी के नयन,
बाँसों के जंगल में, नाच रहे मोर
बरखा की भोर।