भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

भारत अपना देश / श्रीप्रसाद

Kavita Kosh से
Lalit Kumar (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 12:50, 20 फ़रवरी 2017 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=श्रीप्रसाद |अनुवादक= |संग्रह=मेरी...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

भारत अपना देश, देश की माटी कितनी प्यारी
भारत बने महान, कामना रहती यही हमारी
भारत की थी शान, विश्व में सबने इसको माना
जब था देश महान, देश को सबने था पहचाना
बदला फिर इतिहास, दुखी फिर हुई धरा यह सारी
भारत अपना देश, देश की माटी कितनी प्यारी
सोने-चाँदी का भारत था, सचमुच ही धनवाला
पर्वत, नदियाँ, हरे खेत, वन, सब था यहाँ निराला
भारत अपना देश, देश की माटी कितनी प्यारी
रहे दबाते लोग देश को, फिर भी दबा न पाए
आखिर भारत के अपने दिन, पहले से फिर आए
जीत गई भारत की धरती, जो थी पहले हारी
भारत अपना देश, देश की माटी कितनी प्यारी
अब स्वतंत्र हैं हम, रहते हैं अपना सीना ताने
अब हम बढ़ते ही जाएँगे, ऐसा मन में ठाने
अपनी मेहनत से मेंटेंगे, हम सबकी लाचारी
भारत अपना देश, देश की माटी कितनी प्यारी
अपना खड़ा हिमालय हँसता, सूरज हँसता आता
तारे हँसकर रोज चमकते, चाँद हँसी बिखराता
कल-कल-कल लहरों में सागर, तान छेड़ता न्यारी
भारत अपना देश, देश की माटी कितनी प्यारी
भारत नाम याद आते ही, मन में खुशियाँ आतीं
चिड़ियाँ गातीं गीत, फूल खिलते, कलियाँ मुसकातीं
हवा झूमती, पेड़ नाचते, खुश हो बारी-बारी
भारत अपना देश, देश की माटी कितनी प्यारी