भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

मंद समीरन का क्या मोल / राजीव रंजन प्रसाद

Kavita Kosh से
Rajeevnhpc102 (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 10:24, 11 नवम्बर 2009 का अवतरण (नया पृष्ठ: {{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=राजीव रंजन प्रसाद |संग्रह= }} {{KKCatKavita}}<poem>पाषाणों के …)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

पाषाणों के इस जीवन में,
मंद समीरन का क्या मोल

वंशी में रोती सी लहरी
वीणा में कातर सा राग
अभिलाषों की ढली साँझ
अंतस में आशा की आग
जीवन की आँखों में अंबर
उमगों की चोली में दाग

सुमनों का आया पतझर है
काँटों की डाली में डोल
पाषाणों के इस जीवन में,
मंद समीरन का क्या मोल

उस चूल्हे की राख हैं आँखें
खाली बरतन जिसपर चुप है
उसके कदम थके-माँदे से
अंधियारा चेहरे पर घुप है
रोटी चाँद सरीखा सपना
खेल रहा उससे लुकछुप है

आज नियति कल की आशा से
जा ढुकता तम खोली खोल
पाषाणों के इस जीवन में,
मंद समीरन का क्या मोल

मानव की ही इस दुनिया में
मानव मिट्टी का ढेला क्यों?
जीवन बद से बदतर होता
तिस पर लाशों का खेला क्यों?
कुछ आँखों में क्यों दीवाली
अश्कों आहों का मेला क्यों?

अब हो जाओगे रेत सुनो
यह ऊँचे परबत से दो बोल
पाषाणों के इस जीवन में,
मंद समीरन का क्या मोल

११.०८.१९९१