भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

मैं इतना ही जानता हूँ उस शहर को / सुनील श्रीवास्तव

Kavita Kosh से
अनिल जनविजय (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 00:33, 18 जुलाई 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=सुनील श्रीवास्तव |अनुवादक= |संग्र...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

दोस्त
उस शहर के बारे में लिखना
तो पूरा-पूरा लिखना

इलाहाबाद के बारे में लिखना
कि एक कवि,
जिसकी माँ मर चुकी थी,
को अच्छा लगा था यह शहर

गंगा के बारे में लिखना
कि वह सुन्दर है
अब तक लिखी गईं
सभी कविताओं से सुन्दर

उन नुक्कड़ों के बारे में लिखना
तो लिखना कि एक रुपये में
आज भी कहीं
मिलती है अच्छी चाय

साधुओं-संन्यासियों के बारे में
चाहो तो मत लिखना
वे अलग नहीं हैं अयोध्या के साधुओं से

मस्जिदों और मन्दिरों के बारे में
मेरी यही राय है

रिक्शावालों के बारे में ज़रूर लिखना
लिखना कि उन्हें
अब तक याद है
निराला की पँक्तियाँ

दोस्त,
उस ज़िन्दादिल शहर के बारे में
जब भी लिखना
दिल से लिखना

और आख़िर में शेषनाथ के बारे में लिखना
सारा ज़माना लगा है जिसे
इलाहबाद से हटाने के वास्ते
उसके बारे में लिखना
कि वह नायाब है
अपनी तमाम नाकामियों के बावजूद
और उसके होने से
बस, एक उसके होने से
बर्दाश्त के क़ाबिल है यह दुनिया ।