भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

मोबाइल से शुरू हमारी भोर हुई / सोनरूपा विशाल

Kavita Kosh से
Abhishek Amber (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 17:25, 21 अगस्त 2020 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=सोनरूपा विशाल |अनुवादक= |संग्रह= }} {...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

 
मोबाइल से शुरू हमारी भोर हुई
इसकी दुनिया सबके चित की चोर हुई।

अख़बारों के पन्ने तह रह जाते हैं
मिस और मिस्टर पहले फोन उठाते हैं
चाय अगर ठंडी भी हो चल जाती है
बातचीत अक्सर कल पर टल जाती है

मन रंगीन पतंग ये उसकी डोर हुई।
मोबाइल से शुरू हमारी भोर हुई।

सुलझ-सुलझ कर भी उलझे -उलझे लगते
कितनी बातें छोटे से मन में भरते
साये बिन काया जैसे हो हम वैसे
सोच रहे इसके बिन जीते थे कैसे

जीवन धारा अब सागर का शोर हुई।
मोबाइल से शुरू हमारी भोर हुई।

आभासी दुनिया में आभासी होकर
पाया है थोड़ा लेकिन ज़्यादा खोकर
तकनीकी है ये युग ,इक सच्चाई है
इसकी लेकिन अपनी इक अच्छाई है

अब मुश्किल भी इसके बिन हर ओर हुई।
मोबाइल से शुरू हमारी भोर हुई।