भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

याद रहे रंगों का मेला / रामस्वरूप 'सिन्दूर'

Kavita Kosh से
Sharda suman (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 01:53, 21 अक्टूबर 2016 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=रामस्वरूप 'सिन्दूर' |अनुवादक= |संग...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

याद रहे रंगों का मेला, रंगों की रानी!
करो कुछ ऐसी नादानी!

नयनों में अरुणाभा तैरे
अधर हुए रसभीने,
कोने-कोने सोम कलश है
चलो-चलें हम पीने,
ये, वे क्षण हैं, जिनको तरसें बड़े-बड़े ज्ञानी!
    करो कुछ ऐसी नादानी!

पार करे अंजन की रेखा
चितवन बाज़ न आये,
तप्त शिराओं पर पड़ते हैं
रति-अनंग के साये,
गर्म अबीरी सांसों को कर दो पानी-पानी!
  करो कुछ ऐसी नादानी!

ठुमुक चलो तुम ऐसे, जैसे
जल-तरंग लहराये,
भर उमंग खींचो पिचकारी
तन विवस्त्र हो जाये,
अनजाने में करो शरारत जानी-पहचानी!
करो कुछ ऐसी नादानी!

इन्द्रधनुष तोड़ा बसंत ने
सिन्दूरी आँगन में,
रोली को गुलाल ले भागा
यौवन के मधुवन में,
लजवन्ती कामना न ढक पाये आँचल धानी!
     करो कुछ ऐसी नादानी!