भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

रात उनके नाचघर में आ गई वर्षा / ऋषभ देव शर्मा

Kavita Kosh से
Pratishtha (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 18:38, 31 मार्च 2011 का अवतरण

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

 
रात उनके नाचघर में आ गई वर्षा
लोग कहते हैं, शहर में आ गई वर्षा

चीर दी फिर किस जनक ने भूमि की छाती
बिजलियाँ कड़कीं, अधर में आ गई वर्षा

झोंपड़ी तक तो न पहुँची, छोड़कर संसद
लुट गई होगी डगर में, आ गई वर्षा

पड़ गई इतनी दरारें, यह नई छत भी
काँपती आठों पहर में, आ गई वर्षा

पाप की जिन कोठियों में रोटियाँ गिरवी
सब बदलती खंडहर में आ गई वर्षा

ऊसरों में भी उगेंगी, अब नई फ़सलें
लहलहाती खेत भर में, आ गई वर्षा