भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

दीपोत्सव / सुरेश विमल

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

1
आलोक अश्व की
वल्गा थामे
विचर रहा है
कोई अज्ञात
दिग्विजयी पुरुष
लोक में...!

चमचमा रहा है
अंधेरे का लहू
उसकी अद्भत तलवार की
नोंक में।

2
खंडहरों में भी
खिलखिला रही हैं आज
दीपशिखाएँ...!

टूट रही हैं
प्रचंड रव के साथ
अंधकार के अहम की
शिलाएँ...!

3
अद्भुत है भाई
दियों की
यह बग़ावत...

देखो देखो
अंधेरों के हाथी को
लगा रहा है अंकुश
रोशनी के
नन्हे-नन्हे महावत...!

4
अमावस की
काली चदरिया पर
बिछी हैं गोटियाँ
प्रकाश की...!

तम अविजित नहीं है
इस विश्वास की...!