Last modified on 6 अप्रैल 2022, at 16:13

नभ में ऊँची उड़ी पतंग ! / कन्हैयालाल मत्त

लहर-लहर लहराई,
नभ में ऊँची उड़ी पतंग !

ठुमक-ठुमक कर चाल दिखाती,
इठलाती, बल खाती जाती,
आसमान में उठती जाती —
तेज़ हवा के संग !
नभ में ऊँची उड़ी पतंग !

कभी तैरती ऊँचे तल पर,
गोता खाती उछल-उछलकर,
डुबक-डुबक करती मछली-सी —
भरकर नई उमंग !
नभ में ऊँची उड़ी पतंग !

डोरी के बन्धन में रहकर,
ऊँचे-नीचे झटके सहकर,
आगे बढ़ती जाती, जैसे —
मन की एक तरंग !
नभ में ऊँची उड़ी पतंग !