Last modified on 13 अप्रैल 2016, at 14:29

आचरण की संहिताओं की तरह / शिव ओम अम्बर

Lalit Kumar (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 14:29, 13 अप्रैल 2016 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=शिव ओम अम्बर |अनुवादक= |संग्रह= }} {{KKCa...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

आचरण की संहिताओं की तरह,
हम जिये जातक-कथाओं की तरह।

वेदनाएँ वक्ष से लिपटी रहीं,
वृक्ष से लिपटी लताओं की तरह।

मौन के निस्सीम नीलाकाश में,
शब्द हैं नीहारिकाओं की तरह।

आपके संस्पर्श चित्रित हैं अभी,
चेतना पे अल्पनाओं की तरह।

प्राण ये तिल-तिल तमिस्रा में दहे,
आत्मयाजी वर्तिकाओं की तरह।

चन्द ग़ज़लें भर रहीं आँचल दिये,
वृद्ध जननी की दुआओं की तरह।