Last modified on 7 अप्रैल 2023, at 22:51

अपने दिन काटे ना कटते / राजपाल सिंह गुलिया

सशुल्क योगदानकर्ता ५ (चर्चा | योगदान) द्वारा परिवर्तित 22:51, 7 अप्रैल 2023 का अवतरण ('{{KKGlobal}} {{KKRachna |रचनाकार=राजपाल सिंह गुलिया |अनुवादक= |संग...' के साथ नया पृष्ठ बनाया)

(अंतर) ← पुराना अवतरण | वर्तमान अवतरण (अंतर) | नया अवतरण → (अंतर)

अपने दिन काटे ना कटते,
करें देख लो दान।
कोढ़ स्वयं का बढ़े भले ये,
बने फिरें लुकमान।

बिन दाने ये चलें भुनाने,
बिन जल जाएँ डूब।
काट रहे हैं बरगद को ये,
उपजाने को दूब।
वृद्ध मूष को सबक सिखाने,
फूँकें नया मकान।

बात करें ना सीधे मुँह से,
करनी इनकी खाक।
हाथ पसारे फिरते लेकिन,
लम्बी इनकी नाक।
कभी न चलने देते मन की,
कच्चे इनके कान।

तेग़ दिखा ये देग छीन लें,
पूछ न इनका हाल।
क्या नहाएँ औ' क्या निचोड़ें,
हैं ठनठन गोपाल।
जिसका खाते उसका गाते,
दिन भर ये यशगान।