भारत की संस्कृति के लिए... भाषा की उन्नति के लिए... साहित्य के प्रसार के लिए

नज़र नज़र बे-क़रार सी है नफ़स नफ़स में शरार सा है / साग़र सिद्दीकी

Kavita Kosh से
यहाँ जाएँ: भ्रमण, खोज

नज़र नज़र बे-क़रार-सी है नफ़स नफ़स में शरार-सा है
मैं जानता हूँ कि तुम न आओगे फिर भी कुछ इन्तिज़ार-सा है

मिरे अज़ीज़ो मिरे रफ़ीक़ो चलो कोई दास्तान छेड़ो
ग़म-ए-ज़माना की बात छोड़ो ये ग़म तो अब साज़गार-सा है

वही फ़सुर्दा सा रंग-ए-महफ़िल वही तिरा एक आम जल्वा
मिरी निगाहों में बार-सा था मिरी निगाहों में बार-सा है

कभी तो आओ कभी तो बैठो कभी तो देखो कभी तो पूछो
तुम्हारी बस्ती में हम फ़क़ीरों का हाल क्यूँ सोगवार-सा है

चलो कि जश्न-ए-बहार देखें चलो कि ज़र्फ़-ए-बहार जाँचें
चमन चमन रौशनी हुई है कली कली पे निखार-सा है

ये ज़ुल्फ़-बर-दोश कौन आया ये किसकी आहट से गुल खिले हैं
महक रही है फ़ज़ा-ए-हस्ती तमाम आलम बहार-सा है